चित्त नया, चन्द्रमा भी नया...


चित्त नया, चन्द्रमा भी नया...
(लल द्यद की काश्मीरी वाख कविताएँ)

अनुवाद: फारुख शाह     



(नोट-सबसे पहले इस रचना के बारे में जान लें ताकि पढ़ने में रसाआनंद लिया.....
लल द्यद : ललमोज ललारिफ़ा, लल्लेश्वरी आदि नामों से भी ख्यात काश्मीरी शैव प्रत्यभिज्ञा धारा की संत कवयित्री. जीवनकाल 1317 से 1388 ई. के दौरान. काश्मीरी लोक की मौखिक किंवदन्तिओं में योगी सिद्ध श्रीकंठ, नून्द रुषी (शेख नूरुद्दीन वली) और पीर अली हमदानी के साथ जुड़ी हुई यह रहस्यवादी संत-कवयित्री सभी धार्मिक वर्गों में समान रूप से अपनी मानी जाती रही हैं. सदियों से उनकी वाख (सूक्ति) कविताएँ मर्मी लोक के ह्रदय और मुख पर उजाला फैलाती आई है. जन्म-स्थान पाम्पोर के निकट पान्द्रेठन (वर्तमान सिमपोर). निधन श्रीनगर-जम्मू के मार्ग पर स्थित बिजबिहाड़ा गाँव में माना जाता है. उन्हों ने मानप्रतिष्ठा की सारी मर्यादाओं को तिलांजलि देकर सतचिंतन में निरत एक रमती-डोलती योगिनी के रूप में जीवन बिताया. आत्म की अंतरी चाल से अस्तित्व के उँचे मुकाम पार किये, चैतन्य के - सत्य के प्रदेशों को दूर तक जाना. साथ में उस समय के प्रसिद्ध सूफ़ी संत नून्द रुषी और पीर अली हमदानी – तीनो ने मिलकर लोगों में बौद्धिक तथा मनुष्यता की चेतना जगाने का बहुत बड़ा काम किया.)


1.

लल बो द्रायस लोलरे 
छांडान लूसुम द्यन क्यो’ह राथ 
वुछूम पंडिथ पननि गरे 
सुय में रोटमस नेछतुर त साथ 

* 
भाव से छलकती 
निकल पड़ी उसे ढूँढने 
ढूँढ़ते-ढूँढ़ते बीते 
न जाने कितने ही दिन और रात 
आखिर पंडित को देखा अपने घर में ही 
बस उसी क्षण निकल आया 
मंगल मुहूरत 

2. 

आयस वते ग’यस नु वते 
सुमन सोथि मंज़ लूसुम दोह 
चन्दस वुछुम त हार नु अथे 
नावि तारस दिमु क्या बो 

* 
आ गई सीधी राह से 
लेकिन वापस न जा सकी 
सीधी 
चली जा रही थी पुल के बीच 
कि दिन ढल गया 
जेब में हाथ डाला तो 
मिले न एक पैसा भी 
अब पार उतरने के लिए 
नाविक को 
दूँ तो भी क्या दूँ ? 

3.

पानस ला’गिथ रूदुख मे चु 
मे चे छांडान लूसुम दो’ह 
पानस मंज़ येलि ड्‌यूठुख मे चु 
मे चे त पानस द्युतुम छो'ह 

*
मेरे भीतर 
छिपे रहे तुम 
और दिन रात मैं तुम्हें 
ढूँढ़ती रही बाहर 
तुम्हें अपने भीतर छिपा पाया 
उस समय एकत्व का बोध हो गया 
और मैं झूम उठी 
आनंद में रममाण होती 

4. 
द’मी डीठुम नद व’हवुनी 
द’मी ड्‌यूठुम सुम न त तार 
द’मी डीठुम थ’र फोलुवुनी 
द’मी ड्‌यूठुम गुल न त खार 

*

अभी देखा बहती नदी को 
और अभी देखा 
उसके ऊपर न कोई सेतु 
या पार उतरने कोई छोटी-सी पुलिया भी 
अभी देखी फूलों से लची डाली 
और अभी देखे उसके ऊपर 
न फूल न तो काँटे

5.

हचिवि हा’रिंज़ि प्यचिव कान गोम 
अबख छान प्योम यथ राज़दाने 
मंज़बाग़ बाज़रस कुलुफ-रोस वान गोम 
तीरथ-रोस पान गोम कुस मालि ज़ाने 

*

बाण मिला काठ के धनुष के लिए 
तो वह घास का 
बढ़ई मिला राजमहल बनाने 
तो वह भी निपट बुद्धिहीन 
मेरी दशा तो हो गई 
बीच बाज़ार में 
बिना ताले की दुकान जैसी 
रही मेरी देह तीर्थ-विहीन 
भला, कौन समझ सकता है 
मेरी इस लाचारी को ? 

6.

लनत हुंज़ माज़ लार्‌योम वतन 
अ’किय हा’वनम अ’किचिय वथ 
यिम यिम बोज़न तिम कोन मतन 
ललि बूज़ शतन कुनिय कथ 

*

सड़क पर चिपक गया 
पैर के तलुवों का मांस 
तभी दिखाया मुझे जिसने मार्ग 
जो उस एक का नाम सुनेंगे 
वे क्यों न पागल हो जाए ? 
लल ने तो निकाल ली 
सौ बातों में से सार की एक बात 

7.

स’चसस नु सातस नु रुमस 
सोमस मे ललि पननुय वाख 
अ’न्दर्‌युम गटुकार र’टिथ त वो’लुम 
च’टिथ त द्युतमस तती चाख 

*

सूई की नोक 
या बाल जितनी भी 
कभी पीछे न रही 
मैंने भीतर के अंधकार को 
पकड़ लिया 
पकड़ के उसे चीर डाला 

8.

मल वोंदि ज़ोलुम 
जिगर मोरुम 
तेलि लल नाव द्राम 
येलि द’ल्य त्रा’व्यमस त’त्य 

*

हृदय का सारा मल 
जला डाला 
जिगर का भी किया अंत 
उसकी दहलीज पर अंचल पसार 
बैठ गई अडिग 
तभी कहीं जाकर हुआ 
मेरा ‘लल’ नाम प्रसिद्ध 

9.

तन मन ग’यस बो तस कुनुय 
बूज़ुम सत’च गंटा वज़ान 
तथ जायि दारनायि दारन र’टुम 
आकाश त प्रकाश कोरुम सरु 

*

 तन मन से खो गई 
उसके ध्यान में 
मुझे सत की घण्टी बजती 
सुनाई दी 
मैंने धारण कर लिया 
अपनी धारणा को 
और आकाश-पाताल का भेद 
जान लिया

10.
परुन सोलब पालुन दोरलब 
सहज गारुन सिखिम त त्रूठ 
अब्यासकि गनिरय शासतर मो’ठुम 
चीतन आनंद निश्चय गोम 

*

पठन सरल 
पर पालन मुश्किल 
मुश्किल है सहज की खोज भी 
अभ्यास के घने कुहरे में 
भूल गई सभी शास्त्र 
तब पा लिया चेतन-आनंद को 

11.

चरमन च’टिथ दितिथ प’न्य पानस 
त्युथ क्याह वव्योथ त फलिही सोव 
मूडस वोपदेश ग’यि रींज़्‌य दुमटस 
क’न्य दांदस गोर आपरिथ रोव 

*

अपनी चमड़ी को काटकर 
तूने गाड़ दिए खूंटे 
शरीर में चारों ओर 
बोया नहीं भीतर ऐसा कोई बीज 
मिले जिससे फल 
अब तुझे समझना तो ऐसा 
जैसे शिखर पर कंकर फेंकना 
या बैल को गुड़ खिलाना 

12.

द’छिनिस ओ’बरस ज़ायुन ज़ानुहा 
सुदरस ज़ानुहा क’डिथ अठ 
मंदिश रूगियस वैद्युत ज़ानुहा 
मूडस ज़ा’निम न प्रनिथ कथा 

*

बिखेर सकती हूँ दक्षिणी मेघ 
उलीच सकती हूँ समुद्र 
कर सकती हूँ ठीक 
असाध्य रोग को 
लेकिन समझा सकती नहीं 
मूर्ख को

13. 

आयस कमि दिशि त कमि वते 
गछु कमि दिशि कव ज़ान वथ 
अनति दाय लगिमय तते 
छेनिस फोकस कांह ति नो सथ 

* 

किस दिशा और किस मार्ग से आई 
नहीं जानती 
किस दिशा और किस मार्ग से जाऊँगी 
यह भी नहीं जानती
कोई तो मुझे सच बता दे 
केवल प्राण-साधना का आधार तो 
किसी काम का नहीं 

14.

 आ'सुय कुनय तय सा'म्पनिस स्यठा 
नज़दीख आ'सिथ ग'यस दूर 
बा'हिर बा'तिन कुनुय ड्‌यूठुम 
ग'यम ख्यथ-च्यथ चुवंज़ाह चूर 

* 

मैं एक थी 
अनेक हो गई 
पास रहकर भी रही दूर 
अंदर–बाहर 
दिखाई देता था एक 
पर ये चोपन चोर 
सब कुछ खा-पी गए
और 
मुझे धोखा देकर चले गए

15. 

लोलुकि वोखलु वा'लिंज पिशिम 
कोकिल च'जिम त रूज़ुस रसु 
बुज़ुम त ज़ाजिम पानस चुशिम 
कवु ज़ानु तवु स्‌त्य मरु किनु लसु 

* 

प्रेम की ओखली में 
मैंने हृदय को कूटा 
मेरी कुवृत्ति नष्ट हो गई 
मैं हो गई बिलकुल शांत 
बाद में 
इस हृदय को भूना-पकाया 
और चखा 
अब मैं यह न जानूँ 
मर जाउँगी 
या जीवित रहूँगी ? 


16. 
क्याह करु पाँचन द'हन त कहन 
बोखशुन यथ लेजि क'रिथ यिम ग'ये 
सा'री समुहन यथ रज़ि लमुहन 
अदु क्याज़ि राविहे कहन गाव 

* 

इन पाँच, दस और ग्यारह का 
क्या करूँ ? 
कर गये मेरी हंडिया को खाली 
वे सभी मिलकर खींचते 
एक ही दिशा में रस्सी 
तो फिर ग्यारह की देखरेख रहते 
गाय कैसे भाग सकती थी ? 

17.

मूड ज़ा'निथ पशिथ ति को'र 
को'ल श्रुत वो'न ज़डुरफ आस 
युस यि दपी तस ती बोल 
यिहोय तत्वु विदिस छु अब्यास 

* 
जानते हुए भी मूढ़ बन जा 
देखते हुए भी बन जा अंध 
सुनते हुए भी बन जा बधिर 
और जागते हुए भी 
बन जा जड़ 
जो जैसा बोले 
उसके साथ वैसा ही बोल 
यही अभ्यास है तत्त्वविद्‌ का 



20. 

रावनु मंज़य रोवुम 
रा'विथ अथि आयस बवसरे 
असान गिंदान सहज़ुय प्रोवुम 
दपुनुय को'रुम पानस सरे 

* 
मैं खो गई 
यह भी भूल गई कि 
खो गई हूँ 
भवसागर में रत हो गई 
हँसते खेलते 
पा लिया सहज को 
और इस रीत को बना लिया 
बोध का आधार 


21. 

शुन्युक मा'दान को'डुम पानस 
मे ललि रुज़ुम न बोद न होश 
बेदो सपनिस पानय पानस 
अद कमि हिलि फो'ल ललि पंपोश 

* 
शून्य का एक असीम मैदान 
पार किया 
तब मुझे, लल को 
न बुद्धि रही न होश 
सहज का भेद पाकर 
कीचड़ में उगे कमल जैसी 
हो गई 


22. 

च्यथ नो'वुय च'दुरमु नो'वुय 
ज़लमय ड्‌यूठुम नवम नो'वुय 
यनु प्यठु ललि मे तन मन नो'वुय 
तनु लल बो नवम न'वुय छस 

* 
चित्त नया 
चन्द्रमा भी नया 
नित्य नया देखा 
भीतर की जलमय प्रकृति को 
जब से 
तन और मन को माँजा 
तब से लल भी नयी की नयी 





कुँए में मेंढक


कुँए में मेंढक
(तेलुगु कहानी)
पुटला हेमलता
अनुवाद : डॉ. जी. वी. रत्नाकर 




  रेल ने जैसे ही स्टेशन छोड़ा,स्टेशन की भीड़ छंटने लगी. कुली भी अपना-अपना सामान उठाकर बाहर की ओर जाने लगे. चहल-पहल कम हो गई.

       श्रीनू अपनी फली की टोकरी लिए प्लेटफ़ॉर्म पर एक कोने में बैठा है. एक हाथ से सिक्के गिन, वह अपनी जेब में डाल रहा है. उसने टोकरी से एक कवर निकाला और सार्व सिक्के उसमें डाल दी. फिर उस कवर को संभालकर रख दिया. वह सोचने लगा – “अभी तक कोटि क्यों नहीं आया ? पंद्रह मिनट के बाद एक पेसेन्ज़र ट्रेन आने वाली है, तब अगर थोड़े रुपये का सौदा कर लूं तो घर में शायद गालियाँ कम खानी पड़े.” और एक बार पैसे के कवर को देखा, उसे संतोष हुआ. पूरा कवर जेब में रख वह तिरुपति एक्सप्रेस में चढ़ गया और “फली ले लो... ताजी ताजी फली ले लो...” – ऐसी आवाज लगाने लगा. एक चार साल का लड़का टोकरी को लालच भरी नज़र से देखने लगा. श्रीनू उस लड़के के मनोभाव को भांप गया और ज्यादा जोर से आवाज लगाने लगा...


“माँ, मुझे भी फली चाहिए...” कहते हुए लड़का रोने लगा. माँ कुछ देर तो मनाती रही, पर आखिर में हारकर उसने श्रीनू को एक रुपये की फली देने को कहा और दस रुपये दिए.

     श्रीनू ने फली का पैकेट बांधकर बच्चे को दिया और चिल्लर के लिए जेब में हाथ डाला तो पाया कि सिक्के गायब थे. शायद चोरी हो गए थे. श्रीनू की हालत खराब हो गई. काटो तो खून न निकले. आँखों से आंसू बहने लगे. वह अच्छी तरह जानता था कि रेलवे स्टेशन पर कई जेब-कतरे होते हैं. फिर उसे लगा कि गरीब की जेब भला, कोई क्यों काटेंगा ? पर आज उसे पहली बार यह अहसास हुआ कि गरीब की जेब भी काटी जाती है. रेल से कब उतरा उसे होश न रहा. आंसू पोंछते हुए वह तुर्रा के पेड़ के नीचे बैठ गया. नज़रों के सामने ओबुलम्मा का चेहरा दिखाई देने लगा.

     श्रीनू का जन्म कब और कहां हुआ ? पता नहीं. कोई रेलवे स्टेशन पर छोड़ गया था. ओबुलम्मा, जो वडा बेचती थी, उसने बच्चे को पाला-पोषा और नाम रखा ‘श्रीनिवास राव’. लेकिन सभी लोग उसे ‘श्रीनूगाडु’ कहकर बुलाते थे. जब कोई पूछता तो बड़े गर्व से वह अपना नाम ‘श्रीनिवास राव’ बताता. ओबुलम्मा का पच्चीस साल का बेटा बहुत पहले गाँव छोड़कर चला गया था. फिर भी ओबुलम्मा को आशा बंधी रहती थी कि वह एक दिन जरूर लौटकर आएगा. जब श्रीनू दस साल का हो गया तो ओबुलम्मा ने उसे रेल में फली बेचने का काम सौंपा.

     पहले तो उसे बहुत अच्छा लगने लगा. लेकिन बाद में सभी मुश्किलों का सामना उसे करना पडा. पहले-पहल तो श्रीनू से बड़े फली बेचने वाले उसे रेल के डिब्बे से जबरदस्ती उतार दिया करते थे. क्योंकि वह उम्र में सबसे छोटा था. और अगर वह सौदा किए बिना घर जाता तो ओबुलम्मा उसे पीटती थी.


      धीरे-धीरे श्रीनू को दुनियादारी की समझ आने लगी. जो औरों पर धाक जमाता है उसी की चलती है. श्रीनू की हालत कुँए में मेंढक जैसी हो गई. उसकी दुनिया मात्र स्टेशन तक सीमित होकर रह गई. हर रोज वह रेलवे स्टेशन पर कई तरह के लोगों को देखा करता. विदेशियों को वह तरह-तरह की वेशभूषा में निहारता रहता.

     “अभी पंद्रह मिनट में ही पेसेन्ज़र ट्रेन आने वाली है, अब तक कितनी कमाई हुई ?” कोटिगाडु ने पूछा. श्रीनू ने अनसुना कर कोटि से ही प्रश्न किया – “उसकी बहन का गाँव कैसा है ?”

     कोटि ने बड़े उत्साह से झुककर कहा – “ओहो... हैदराबाद ? क्या बताऊँ ? तुम ही अपनी आँखों से देखना... बड़ी-बड़ी सड़कें, रंग-बिरंगी रोशनियाँ, पूरा यात्रा पर गए हों ऐसा माहौल. अरे हाँ, तूने कभी रंगीन सोडा पीया है ?” कोटि ने होठों पर जीभ फेरते हुए पूछा.

     “नहीं.” श्रीनू ने जवाब दिया.
    
     “अरे श्रीनू, तू वरंगल तक पेसेन्ज़र ट्रेन में फली तो बेच सकता है ना ?” कोटि ने पूछा.
    
     “रहने दे ! ओबुलम्मा नहीं मानेंगी. वह राक्षसनी है.” श्री ने हताशा भरे स्वर में कहा और कोटिगाडु की ओर देखने लगा.

     वह बडबडाने लगा – “मुझे बचपन से ही शहर पसंद है. जब से पैदा हुआ हूँ, इस गाँव को छोड़, कोई दूसरा गाँव ही नहीं देखा !”

     उसका चेहरा देखकर कोतिगाडु को हँसी आ गई. वह कहने लगा – “मैं तो पेसेन्ज़र ट्रेन में कई बार वरंगल जाता हूँ. एक घंटे का तो सफ़र है. इस दौरान हम आराम से फली बेच सकते हैं. बहुत ही मज़ा आता है.”

     धन... धन... की आवाज करती ट्रेन आ गई.

     “श्रीनू, देखो तुम औरतों के डिब्बे में चले जाओ ! मैं जनरल डिब्बे में जाता हूँ.” कोटि ने कहा.


     पूरा दिन श्रीनू बहुत ही उदास रहा. खाना भी ठीक से नहीं खाया. खाट पर लेटकर वह आसमान की ओर देखता रहा. सांझ से ही ओबुलम्मा श्रीनू के व्यवहार को देख रही थी.

     “श्रीनू, बेटा क्या बात है ?” उसने पूछा. श्रीनू एक मिनट रुका, फिर जवाब  - “मां, मैं भी कोटि के साथ वरंगल तक फली बेचने जाया करूंगा. हमें बहुत नफ़ा होगा.” बोलते समय उसकी आंखें उलझन के कारण विस्फारित हो गई.

     ओबुलम्मा को हंसी आ गई. श्रीनू के सिर पर हाथ रखते वह बोली – “बेटा, तुम छोटे हो, नादाँ हो – इसलिए मैंने तुम्हें आज तक कहीं दूर जाने नहीं दिया. वैसे भी मैं एक बेटा खो चुकी हूँ. अब तुमको खोना नहीं चाहती. मैं कठोर भले ही लगूं, लेकिन मेरे हृदय में भी दया और ममता है. कोटि के साथ तुम्हें जरूर जाने दूँगी. ठीक लगे तो रोज जाना वरना नहीं.”

     अविश्वास की दृष्टि से श्रीनू ने माँ को देखा. खुशी के मारे वह सो न पाया. रातभर वह सपने देखता रहा कि वह वरंगल तक फली बेचकर आता है... और ढेर सारे रुपये ओबुलम्मा के हाथ में रख देता है...

     “बेटा... संभालकर कोटि के साथ जाना.” पानी भरने जाती ओबुलम्मा ने कहा.

     कोतिगाडु के साथ श्रीनू उत्साह से चल पड़ा. जिस ट्रेन में वे जा रहे थे उसने आलेर स्टेशन छोड़ा. कोटि दूसरे डिब्बे में था. श्रीनू तो फूला न समा रहा था. दरवाजे पर खड़ा-खड़ा बाहर के पेड़, बिजली के खम्भे देख रहा था. वहां पर दो शराबी आपस में गाली-गलौच कर रहे थे.

     श्रीनू यथार्थ भूमि को छोड़ कल्पना-लोक में विचरण करने लगा. उसके पीछे जो शराबी थे वे मारपीट पर उतर आए. एक के पाँव की मार श्रीनू की पीठ पर लगी. उसने उठने की कोशिश की. तभी एक शराबी उस पर आ पड़ा. श्रीनू डिब्बे से बाहर उछलकर गिर गया. उसका सिर धडाम से एक पत्थर के साथ टकराया. सिर से खून बहने लगा. उसने बलपूर्वक आंखें खोली. तेज रफ़्तार से जाती ट्रेन, अपनी ओर घूरते यात्रियों की आंखें और खुले आकाश के अलावा दूसरा कुछ न दिखाई दिया. उसकी पलकें हमेशा के लिए बंद हो गई.

     ओबुलम्मा कुँए से पानी निकाल रही थी. देखा तो पानी में मेंढक था. उसने मेंढक को बाल्टी में ही रहने दिया. तभी कोतिगाडु, श्रीनू के मरने की खबर लेकर आया. कोटि के मुख की उदासी देख ओबुलम्मा उसकी ओर भागी. बाल्टी का मेंढक आश्चर्य से चारों ओर देख रहा था. वह मेंढक, जो कुँए में ही पैदा हुआ था, बड़ा हुआ था और कुआं ही जिसकी दुनिया थी. पर आज उसे चारों ओर का दृश्य विचित्र लगाने लगा. उसके लिए यह दुनिया नयी थी. वह कभी सोच भी नहीं सकता था कि बाहर की दुनिया इतनी बड़ी हो सकती है. सृष्टि के रमणीय वातावरण को देखने वह अचानक ही उछला, पर गलती से वापस कुँए में ही जा गिरा. उसने देखा, नीचे गोल-गोल घुमता पानी था... ऊपर प्लैट जैसा आसमान.        


 नोट-कहानी और चित्र गुजरात से फारुख शाह जी ने भेजे हैं...
*
        

मिट्टी का कौर


 मिट्टी का कौर
( तेलुगु कहानी )

जाजुला गौरी
अनुवाद : आर. शान्ता सुंदरी


(यह एक तेलुगु कहानी का हिंदी तर्जुमा है.इसे मेरे पास गुजरात के फारुख शाह जी ने भेजा है.आप सब भी पढ़ें और देखें कैसे बचपन में भोजन की तलब क्या से क्या करवाती है....)


       बचपन से देखती आ रही हूँ । घर में माँ–बाप हमेशा लड़ते झगड़ते ही रहते हैं । वे क्यों लड़ते हैं, क्यों एक दूसरे को गालियाँ देते हैं और फिर आपस में ऐसे बातें करते बैठते हैं जैसे कुछ भी नहीं हुआ, मेरी समझ में तो नहीं आता था ।

       घर में राशन है ? खाने के लिए कुछ है ? बच्चे भूखे पेट सोते हैं या उन्हें खाने को कुछ मिलता है ? ये सब जानने की कोशिश भी करते हो कभी ? बस, अपनी मर्जी चलाते हो । रोज-रोज पीकर आना क्या इतना जरूरी है ? मजूरी करके पैसे कमाओ और सीधे आकर मेरे हाथ में दे दो, वरना यह घर चलाने का काम मुझसे नहीं होगा । रोज-रोज सबको फाके करने पड़ेंगे, हाँ ! – बुझे चूल्हे के सामने बैठकर माँ, बापू से कहती ।

       तेरी तो... क्या बकबक किये जाती है तू ? सारा पैसा लाकर तेरे हाथों में ही तो देता हूँ ! हड्डी-पसली एक हो जाती है, तो एक बूँद क्या पी ली, तू इतना शोर मचाती है ? सारा दिन कमरतोड़ मेहनत करके घर आता हूँ तो खिलाने-पिलाने की धुन नहीं रहती, तुझे ? जब देखो घर, बच्चे, गिरस्ती... बस ! मेरी कोई फिकर नहीं तुझे ? धत्त तेरी की... चिल्लाता हुए बापू गुस्से में बाहर चला जाता ।

       शाम को गया आदमी आधी रात को झूमता, लड़खड़ाता घर वापस आता । पूरे नशे में होता फिर भी माँ को पुकारता, अरी लक्ष्मी ! क्या कर रही है ? जोरों से भूख लगी है, खाना दे... ऐ ! सुनाई देता है कि नहीं... खाना दे... ! और आँख तरेरकर माँ को देखने लगता ।

         अरे तुम रात-बिरात चले आते हो तो कौन तेरी राह देखता बैठा रहेगा इधर ? नशे में धुल लौटा है न ? कितनी बार कहूँ कि पीना छोड़ दो ! शर्म नहीं आती ? माँ बापू को कोसने लग जाती ।

       क्या री, बढ़-चढ़कर बात मत कर, समझी ? मेरी मर्जी... कमाता हूँ, पीता हूँ... तू कौन होती पूछने वाली ? तू अपने मायके से लाई क्या पैसा ? फिर मुँह खोला तो मार डालूँगा... कहते हुए बापू माँ को पीटने लगता ।

     आधी रात को यह शोर सुनकर हम बच्चे जाग जाते, पर डर के मारे चुपचाप लेटे रहते ।

     माँ गालियाँ देती थी और बापू माँ को पीटता था । रोना-धोना, चिल्लाना रातभर चलता रहता था । यह सुन देखकर हमें भी रोना आ जाता, पर मैं और छोटी बहन एक दूसरे की ओर देखते हुए रोते-रोते न जाने कब सो जाती थीं !
       जरा बड़ी हुई तो हमारी तकलीफें थोड़ी-थोड़ी समझ आने लगी । बापू अकेला कमाता है उसमें से थोड़े पैसे शराब में उड़ा देता है । माँ बहुत समझाती कि बच्चे बड़े हो रहे हैं उनकी जरूरतें बढ़ रही हैं, उनके बारे में तो सोचो । एक-दो दिन बापू पीना छोड़ देता पर फिर से शराब की लत उसे नहीं छोड़ती ।

       एक दिन सुबह माँ ने कुछ भी नहीं पकाया । मेरे पेट में चूहे दौड़ रहे थे । धीरे से माँ के पास जाकर बोली, माँ भूख लगी है । कुछ खाने को बना दे न ?

       माँ ने कहा जरा ठहर जा बेटी ! भैया को दूकान भेजा है, चावल खरीदकर लाते ही खाना बना दूँगी ।

            आज सुबह से मेरा जी कुछ ठीक नहीं था । चक्कर आने लगा । भैया की राह देखते-देखते मैं थक गई । वह अभी तक नहीं आया तो मैं फिर माँ के पास गई और मचलकर बोली, पैसा ही दे दो माँ, कुछ खरीदकर खा लूंगी । भूख मुझसे बर्दाश्त नहीं हो रही है ।

       हाय मेरी बच्ची ! बस जरा सी देर और बर्दाश्त कर ले । सुबह खाओ तो रात के लिए कुछ नहीं बचता और रात को खाने पर सुबह सब खाली हो जाता है । मैं क्या करूँ बोलो, बेटी ? जो पैसे थे सब तेरे भैया को दे दिए । तेरा बापू भी खाली पेट काम पर चला गया, सुबह-सुबह । इस जलती धूप में न जाने कैसे काम करता होगा ? एक हफ्ते से काम भी नहीं मिल रहा है, इसी से और परेशानी बढ़ गई है। बापू के पास जितने पैसे थे, सब मुझे देकर गया है । बस कुछ देर और... वह देख तेरा भाई आ रहा है, इतना कहकर माँ चूल्हे के पास गई । मुझसे भूख बर्दाश्त नहीं हो रही थी... पेट में जलन सी होने लगी। मटके से पानी लेकर पिया और दरवाजे के पास चली गई । सूरज सर पर आ चुका था । धूप तेज थी । तेज धूप में खड़े रहने से मुझे चक्कर आते हैं । तो वहाँ से चलकर सामने के पेड़ के नीचे चली गई ।

       पेड़ के नीचे, साए में जरा सी ठंडक महसूस हुई, लेकिन पेट के अंदर भूख की आग भभक रही थी । पेड़ के नीचे बैठकर मिट्टी में उँगली से आड़ी-तिरछी लकीरें खींचती रही । पर भूख की आग पल-पल बढ़ने लगी । मैंने इधर-उधर नज़र डाली कि कहीं कोई मुझे देख तो नहीं रहा है ? फिर जब तसल्ली हुई तो मिट्टी हाथ में लेकर उसे छाना । कंकड़ और पत्थर के टुकड़े अलग हो गए और महीन मिट्टी हाथों में रह गई । उसे सूँघकर देखा । मिट्टी की बू बड़ी अच्छी लगी । बस एक ही झटके में उसे मुँह में डाल लिया । जब तक भूख जरा कम न होती मैं मिट्टी छानकर खाती रही । कुछ देर बाद भूख कुछ कुछ मिटी । मैं चुपचाप चलकर घर के अंदर गई । घर पहुँचकर देखा तो चावल लगभग पक चुका था । माँ, भाई और बहन चूल्हे के पास बैठकर इन्तजार कर रहे थे । पर मैं मटके के पास जाकर लोटे भर पानी को गटगट पी गई और माँ के पास जाकर जमीन पर लेट गई । खाने के लिए अब तक इतना शोर मचाने वाली मैं चुपचाप जाकर लेट गई, यह देखकर माँ, भाई और बहन हैरान रह गए । मुझे यह भी पता नहीं था कि बाद में क्या हुआ... मैं गहरी नींद में डूब गई । शायद वे तीनों इन्तजार करते ही रह गए कि अभी उठेगी और खाना माँगेगी ।

*

लोकप्रिय पोस्ट्स